जगदलपुर। भारतीय जनता पार्टी छत्तीसगढ़ के प्रदेश अध्यक्ष एवं जगदलपुर विधायक किरण सिंह देव ने पद्मश्री सम्मान से अलंकृत वरिष्ठ समाजसेवी डॉ. बुधरी ताती का अपने कार्यालय में आत्मीय स्वागत एवं सम्मान किया। इस अवसर पर उन्होंने डॉ. ताती के समाज सेवा, महिला सशक्तिकरण और वनांचल क्षेत्रों में उनके अतुलनीय योगदान की सराहना करते हुए उन्हें छत्तीसगढ़ और देश का गौरव बताया।
किरण सिंह देव ने कहा कि डॉ. बुधरी ताती ने सुदूर वनांचलों के 545 से अधिक गांवों तक पैदल पहुंचकर महिलाओं के सशक्तिकरण की ऐसी मिसाल कायम की है, जो आने वाली पीढ़ियों के लिए प्रेरणास्रोत बनी रहेगी। उन्होंने कठिन परिस्थितियों और जानलेवा हमलों की परवाह किए बिना समाज के अंतिम छोर पर खड़ी महिलाओं तक जागरूकता, शिक्षा, स्वावलंबन और सम्मान का संदेश पहुंचाने का कार्य किया है।
इस अवसर पर किरण सिंह देव ने डॉ. बुधरी ताती को अपनी दो पुस्तकें भी सप्रेम भेंट कीं और उनके प्रति सम्मान एवं कृतज्ञता व्यक्त की। उन्होंने कहा कि डॉ. ताती का संघर्ष, समर्पण और सेवा का जीवन समाज के प्रत्येक वर्ग के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उनका कार्य केवल महिलाओं के सशक्तिकरण तक सीमित नहीं है, बल्कि उन्होंने आदिवासी और ग्रामीण समाज के विकास तथा सामाजिक चेतना को मजबूत करने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास और सम्मान पहुंचाने का जो संकल्प डॉ. बुधरी ताती ने अपने जीवन का उद्देश्य बनाया है, वह वास्तव में अनुकरणीय है। ऐसे व्यक्तित्वों का सम्मान करना समाज के लिए गौरव और प्रेरणा दोनों है।
इस दौरान उपस्थित लोगों ने भी डॉ. बुधरी ताती के योगदान की सराहना करते हुए उन्हें जनसेवा और सामाजिक परिवर्तन की सशक्त प्रतीक बताया तथा उनके उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर समाजसेवा के लिए शुभकामनाएं दीं।
उल्लेखनीय है कि डॉ. बुधरी ताती को महिलाओं के सशक्तिकरण और सामाजिक उत्थान के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए देश के प्रतिष्ठित नागरिक सम्मान पद्मश्री से सम्मानित किया जा चुका है। उनका जीवन संघर्ष, सेवा और समर्पण का एक प्रेरणादायी उदाहरण माना जाता है।





