बस्तर के लोकप्रिय पुलिस महानिरीक्षक पी. सुंदराज से कैबिनेट मंत्री श्रीनिवासराव मदी ने की सौजन्य भेंट, उज्ज्वल भविष्य की दी शुभकामनाएँ

जगदलपुर। बस्तर संभाग में लगभग 14 वर्षों तक अपनी उल्लेखनीय सेवाएँ देने वाले लोकप्रिय पुलिस महानिरीक्षक श्री पी. सुंदराज के राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) में स्थानांतरण होने पर छत्तीसगढ़ सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रीनिवासराव मदी ने उनसे सौजन्य भेंट कर नई जिम्मेदारी के लिए बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री श्रीनिवासराव मदी ने कहा कि श्री पी. सुंदराज ने बस्तर जैसे संवेदनशील क्षेत्र में अपनी कार्यकुशलता, दूरदर्शिता और जनसरोकारों के प्रति संवेदनशीलता का परिचय देते हुए सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा पुलिस और आम जनता के बीच विश्वास कायम करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है।
उन्होंने कहा कि श्री सुंदराज अपनी सरल कार्यशैली, सहज व्यवहार और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के कारण बस्तर के लोगों के बीच विशेष रूप से लोकप्रिय रहे हैं। बस्तर में उनके लगभग 14 वर्षों के कार्यकाल को क्षेत्र की जनता लंबे समय तक याद रखेगी।
कैबिनेट मंत्री श्रीनिवासराव मदी ने विश्वास व्यक्त किया कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) जैसी महत्वपूर्ण संस्था में भी श्री सुंदराज अपनी कार्यकुशलता और अनुभव के बल पर देश सेवा में नई उपलब्धियाँ स्थापित करेंगे। उन्होंने उनके उज्ज्वल भविष्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं सफल कार्यकाल की कामना करते हुए कहा कि बस्तर और यहाँ की जनता के साथ उनका जुड़ाव सदैव बना रहेगा।



