दिल्ली में नारायणपुर के खिलाड़ियों का दमदार प्रदर्शन, एशियन चैम्पियनशिप के लिए हुआ चयन

नारायणपुर। राजधानी दिल्ली के तालकटोरा इंडोर स्टेडियम में 24 से 27 जून तक आयोजित मत्सोगी-डो इंटरनेशनल चैम्पियनशिप में नारायणपुर के खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन करते हुए जिले और छत्तीसगढ़ का नाम रोशन किया। प्रतियोगिता में उत्कृष्ट प्रदर्शन के आधार पर जिले के तीन प्रतिभाशाली खिलाड़ियों का चयन अब आगामी एशियन चैम्पियनशिप के लिए किया गया है।
प्रतियोगिता में तन्मय कतलाम ने शानदार खेल का प्रदर्शन करते हुए स्वर्ण पदक अपने नाम किया। वहीं शिवम् नांदर ने रजत पदक और युवांश कुमार साहू ने कांस्य पदक जीतकर जिले को गौरवान्वित किया।
इन तीनों खिलाड़ियों ने पिछले तीन वर्षों से अबूझमाड़ क्षेत्र के नारायणपुर में नियमित रूप से मार्शल आर्ट्स का प्रशिक्षण प्राप्त किया है। कठिन परिश्रम, अनुशासन और लगातार अभ्यास का ही परिणाम है कि उन्होंने राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिता में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवाया और अब उन्हें एशियन चैम्पियनशिप में भारत का प्रतिनिधित्व करने का अवसर प्राप्त हुआ है।
जिला किकबॉक्सिंग संघ के पदाधिकारियों ने खिलाड़ियों की इस उपलब्धि को नारायणपुर जिले के खेल इतिहास में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया है। संघ के अध्यक्ष जोमोन टी.डी., कोषाध्यक्ष जगजीवन साहू, शकुंतला साहू, अभिषेक बनर्जी, रामसाय वड्डे, केंद्रीय विद्यालय के प्राचार्य, कोच बलराम पुरी तथा अंजलि कांगे ने खिलाड़ियों को बधाई देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
पदाधिकारियों ने विश्वास जताया कि नारायणपुर के ये खिलाड़ी एशियन चैम्पियनशिप में भी उत्कृष्ट प्रदर्शन कर भारत और छत्तीसगढ़ का नाम अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गौरवान्वित करेंगे।




