समस्याओं का समाधान नहीं होने तक चक्काजाम जारी रहेगा — प्रमोद सलाम एवं शोभाराम गावड़े
भानुप्रतापपुर।

ग्राम कलगाँव में अंतागढ़ से नारायणपुर सड़क निर्माण कार्य कर रहे ठेकेदार की लापरवाही एवं छोटेडोंगर माइंस से संचालित भारी ट्रकों के कारण ग्रामीणों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो रहा है। सड़क पर नियमित रूप से पानी का छिड़काव नहीं किए जाने से लगातार धूल उड़ रही है, जिससे ग्रामीणों, विद्यार्थियों, किसानों एवं राहगीरों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। वहीं किसानों के खेतों में डाली गई मिट्टी एवं अन्य निर्माण सामग्री आज तक नहीं हटाई गई है, जिससे किसानों को आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है।
ग्रामीणों ने बताया कि इन समस्याओं को लेकर कई बार प्रशासन को ज्ञापन सौंपा गया तथा सांकेतिक चक्काजाम कर ध्यान आकर्षित किया गया, लेकिन प्रशासन और संबंधित विभाग द्वारा अब तक कोई प्रभावी कार्यावाही नहीं की गई। प्रशासन की उदासीनता के कारण ग्रामीणों को आज तीसरी बार चक्काजाम करने के लिए मजबूर होना पड़ा है।
पूर्व सरपंच प्रमोद सलाम ने कहा कि “जब तक किसानों के खेतों से मिट्टी एवं अन्य सामग्री नहीं हटाई जाती, सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव सुनिश्चित नहीं किया जाता, छोटेडोंगर माइंस की ट्रकों का संचालन निर्धारित मार्ग से नहीं कराया जाता तथा चालकों की नशा जांच अनिवार्य नहीं की जाती, तब तक चक्काजाम जारी रहेगा। यदि प्रशासन शीघ्र कार्यावाही नहीं करता है तो आंदोलन को और व्यापक बनाया जाएगा, जिसकी पूरी जिम्मेदारी प्रशासन की होगी।”
ग्राम गायता शोभाराम गावड़े ने कहा कि “किसानों के खेतों से ठेकेदार मिट्टी और अन्य सामग्री नहीं हटा रहा है तथा सड़क से उड़ रही धूल के कारण ग्रामीणों का जीना मुश्किल हो गया है। कई बार शिकायत और आंदोलन के बावजूद प्रशासन कोई सुध नहीं ले रहा है, इसलिए हमें तीसरी बार चक्काजाम करना पड़ रहा है। जब तक समस्याओं का स्थायी समाधान नहीं होगा, ग्रामीणों का आंदोलन जारी रहेगा।”
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि किसानों के खेतों से मिट्टी एवं निर्माण सामग्री तत्काल हटाई जाए, सड़क पर नियमित पानी का छिड़काव कराया जाए, छोटेडोंगर माइंस की ट्रकों का संचालन निर्धारित मार्ग से कराया जाए तथा वाहन चालकों की नियमित नशा जांच सुनिश्चित की जाए।
अन्यथा आंदोलन आगे भी जारी रहेगा आज ग्रामीण नाराज होकर 8 बजे से चक्काजाम कर रहे है पर प्रसासन को कोई मतलब नही है प्रसासन अबतक कोई समाधान के लिये सामने नही आ रही है इससे यही साबित होता है कि प्रसासन ठेकेदार के खिलाफ कार्यावाही करने से डरती है ओर प्रसासन अपनी मजबूरी दिखाकर ग्रामीणों को न्याय नही दे पा रही है आज बडी संख्या मे ग्रामीण चक्काजाम मे शामिल होकर प्रसासन से सवाल कर रहे है जवाब तो देना होगा जिम्मेदारी लेनी होगी।




