Welcome to मोर माटी   Click to listen highlighted text! Welcome to मोर माटी
Uncategorized

सिरिसगुड़ा में विकासखंड स्तरीय ‘प्रवेश उत्सव’ संपन्न

सांसद श्री महेश कश्यप ने कहा हमारे बच्चे अत्यंत होनहार, अब हर क्षेत्र में दिखा रहे हैं प्रतिभा

 

जगदलपुर, जिले के तोकापाल ब्लॉक में शनिवार को विकास खंड स्तरीय ‘प्रवेश उत्सव’ कार्यक्रम शासकीय हायर सेकेंडरी स्कूल सिरिसगुड़ा में अत्यंत हर्षोल्लास के साथ आयोजित किया गया, जिसमें विकासखंड के शिक्षक, छात्र-छात्राएं, स्थानीय जनप्रतिनिधि और शिक्षा विभाग के अधिकारी उपस्थित रहे। कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथि सांसद श्री महेश कश्यप और क्षेत्रीय विधायक श्री विनायक गोयल ने नव प्रवेशी बच्चों का तिलक लगाकर और आत्मीयता से स्वागत किया।

उक्त शाला प्रवेशोत्सव को संबोधित करते हुए सांसद श्री महेश कश्यप ने उपस्थित ग्रामीणों से भावुक अपील की कि हमारे बच्चे अत्यंत होनहार हैं और अब हर क्षेत्र में अपनी उत्कृष्ट प्रतिभा दिखा रहे हैं। सभी ग्रामीण अपने बच्चों को नियमित रूप से स्कूल भेजें, जिससे हमारे बस्तर के बच्चे भी आगे चलकर बड़े प्रशासनिक पदों के साथ ही डॉक्टर, वकील और इंजीनियर बन सकें। इस दौरान सांसद ने क्षेत्र में तकनीकी शिक्षा को बढ़ावा देने की आवश्यकता पर भी विशेष जोर दिया। कार्यक्रम में चित्रकोट विधायक श्री विनायक गोयल ने क्षेत्र के विकास की जानकारी साझा करते हुए बताया कि सालेपाल ग्राम में आवासीय एकलव्य विद्यालय और छापर भानपूरी में 100 सीटर छात्रावास का निर्माण तेजी से चल रहा है। उन्होंने जोर देकर कहा कि क्षेत्र में स्कूलों की पर्याप्त संख्या और बेहतरीन बुनियादी ढांचा मौजूद है, तथा सरकार बच्चों को मध्याह्न भोजन, साइकिल, गणवेश, पाठ्यपुस्तकें और अच्छे स्कूल भवनों के साथ-साथ योग्य शिक्षक उपलब्ध करा रही है। उन्होंने सभी से अनुरोध किया कि कोई भी बच्चा स्कूल जाने से न छूटे क्योंकि वे सब मिलकर बस्तर के साथ-साथ इस पूरी विधानसभा क्षेत्र को शिक्षा के दृष्टिकोण से अग्रणी बनाने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर जिला पंचायत उपाध्यक्ष एवं शिक्षा समिति के अध्यक्ष श्री बलदेव मांडवी ने भी पालकों से अपील करते हुए कहा कि शिक्षा के बिना जीवन की गाड़ी सफलतापूर्वक आगे नहीं बढ़ सकती, इसलिए हर परिवार को शिक्षा से जुड़ना होगा ताकि कोई भी बच्चा स्कूल से बाहर न रहे। उन्होंने सभी माता-पिता से जागरूक होने और सरकार की जनहितकारी योजनाओं से लाभान्वित होने का अनुरोध किया। इस शाला प्रवेश उत्सव के दौरान अतिथियों द्वारा बच्चों को निःशुल्क पाठ्यपुस्तकें, गणवेश और लक्षित वर्ग की छात्राओं को सरस्वती सायकल योजनांतर्गत निःशुल्क साइकिलें वितरित की गईं। इसके साथ ही सामुदायिक सहभागिता को बढ़ावा देने के लिए ‘न्योता भोज’ का भी आयोजन किया गया और अंत में पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए सभी अतिथियों और बच्चों के द्वारा ‘एक पेड़ माँ के नाम’ अभियान के अंतर्गत स्कूल परिसर में वृहद स्तर पर वृक्षारोपण किया गया। इस मौके पर क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, पंचायत पदाधिकारियों सहित बच्चों के माता-पिता और अभिभावक तथा एसडीएम श्री शंकरलाल सिन्हा एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीणजन मौजूद रहे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!