Welcome to मोर माटी   Click to listen highlighted text! Welcome to मोर माटी
बस्तर विकास यात्रा

आश्रित ग्राम करंजी गांव में सोलर ड्यूल पंप बंद, ग्रामीणों ने विभागीय उदासीनता पर उठाए सवाल

बकावंड ब्लॉक के ग्राम पंचायत बोरीगांव के आश्रित गांव (कुरलूमारी करंजी) में क्रेडा विभाग द्वारा वर्ष 2023-24 में स्थापित सोलर ड्यूल पंप स्थापना के दिन से ही बंद पड़ा हुआ है। ग्रामीणों का आरोप है कि तकनीकी खराबी के कारण आज तक पंप से जलापूर्ति शुरू नहीं हो सकी है, जिससे गांव में पेयजल संकट लगातार गहराता जा रहा है।

ग्रामीणों के अनुसार पंप लगाए जाने के बाद से एक दिन भी नियमित रूप से पानी उपलब्ध नहीं हुआ है। नतीजतन महिलाओं और बच्चों को रोजाना दूर-दराज के जल स्रोतों से पानी लाने के लिए मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे उन्हें भारी कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा है।

स्थानीय लोगों ने नाराजगी जताते हुए कहा कि विभागीय अधिकारियों की उदासीनता और लापरवाही के कारण यह समस्या अब तक जस की तस बनी हुई है। कई बार शिकायतें किए जाने के बावजूद न तो कोई तकनीकी टीम मौके पर पहुंची और न ही मरम्मत की दिशा में कोई ठोस कदम उठाया गया है।

ग्रामीणों ने बताया कि शासन की अमृत पेयजल योजना के तहत गांव में बेहतर जल व्यवस्था का आश्वासन दिया गया था, लेकिन जमीनी हकीकत इसके विपरीत है। लाखों रुपये की लागत से स्थापित यह सोलर ड्यूल पंप आज भी बंद पड़ा है, जो विभागीय कार्यप्रणाली और निगरानी व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करता है।

ग्रामीणों ने क्रेडा विभाग, जिला प्रशासन तथा जनपद पंचायत बकावंड से तत्काल तकनीकी टीम भेजकर पंप की जांच एवं मरम्मत कराने की मांग की है। उनका कहना है कि यदि शीघ्र कार्रवाई नहीं की गई तो गांव में पेयजल संकट और गंभीर हो सकता है तथा ग्रामीण आंदोलन करने के लिए बाध्य होंगे।

Related Articles

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Back to top button
error: Content is protected !!
Click to listen highlighted text!